Monday, July 13News That Matters

मुख्यमंत्री धामी के डिजिटल गवर्नेंस मिशन के तहत देहरादून में ई-ऑफिस व्यवस्था मजबूत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आईटीडीए टीम को दिए अहम निर्देश

मुख्यमंत्री धामी के डिजिटल गवर्नेंस मिशन के तहत देहरादून में ई-ऑफिस व्यवस्था मजबूत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आईटीडीए टीम को दिए अहम निर्देश

 

 

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद में लागू ई-ऑफिस कार्य प्रणाली की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था के क्रियान्वयन, तकनीकी समस्याओं तथा कार्य प्रणाली को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है तथा अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का डिजिटल माध्यम से निस्तारण किया जा रहा है। ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं कार्यों की ऑनलाइन निगरानी में सुविधा प्राप्त हो रही है।

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों द्वारा रिपोर्टिंग एवं ऑनलाइन कार्य निष्पादन में तकनीकी समस्याएं आने की जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित आईटीडीए की तकनीकी टीम को समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाना है। इसलिए सभी विभाग तकनीकी बाधाओं को दूर कर नियमित रूप से ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों के संचालन एवं निस्तारण की प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाएं तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर तकनीकी समस्या आने पर संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्यों की गति प्रभावित न हो।

यह भी पढ़ें -  सीएम धामी के निर्देश पर पौड़ी पहुंचे सचिव सुंदरम चौपाल लगा कर लोगों की जन समस्याएं सुनी, संबंधित अधिकारियों को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर कार्रवाई करने के दिए निर्देश

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए तकनीकी टीम के आशीष, दीक्षा, विवेक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *