Saturday, April 18News That Matters

5304 मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देकर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने पेश की सेवा की मिसाल

 

5304 मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देकर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने पेश की सेवा की मिसाल

 

 

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन एवं पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव 10 फरवरी) के पावन अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून द्वारा आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर हजारों जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनकर सामने आया। इस सेवा दिवस पर कुल 5304 मरीजों ने सामान्य एवं सुपरस्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाया। शिविर में उत्तराखण्ड सहित सहारनपुर, बिजनौर, धामपुर, पोंटा साहिब जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में गरीब व असहाय मरीज पहुंचे। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ने गरीबों के लिए संजीवनी का काम किया।
मंगलवार को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर के अंतर्गत एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और सभी प्रकार की लैब जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। विशेष बात यह रही कि दो हजार से अधिक मरीजों ने महंगी जांच सुविधाओं का लाभ बिना किसी शुल्क के प्राप्त किया, जो आमतौर पर गरीब परिवारों की पहुंच से बाहर होती हैं। चिकित्सकों से परामर्श के पश्चात मरीजों को तीन दिनों की दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिली। इस शिविर में आए मरीजों को जनरल चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ सभी सुपरस्पेशलिटी सेवाएं भी पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाईं गईं। यह उत्तराखण्ड में इस प्रकार का पहला ऐसा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर हुआ जिसमें एमआरआई, सीटी स्कैन, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी जैसे महंगी जाॅंचें और प्रोसीजर भी पूर्णंतः निःशुल्क किए गए।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 10 फरवरी को सेवा दिवस के रूप में श्रद्धा, सेवा और समर्पण भाव से मनाया गया। सुबह 8 बजे से पंजीकरण शुरू हुआ और 9 बजे से ही भारी संख्या में अस्पताल पहुंचने शुरू हो गए थे। शिविर दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने पूरी निष्ठा के साथ मरीजों का परीक्षण और उपचार किया।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का स्पष्ट संकल्प है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं बिना भेदभाव के पहुंचें। यही संकल्प इस विशाल निःशुल्क शिविर में साकार होता नजर आया। शिविर में पंजीकृत मरीजों के ऑपरेशन और अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाएं भी पूर्णतः निःशुल्क संपन्न कराई गईं।
शिविर में उपचार पाकर लौटे मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुनीत पहल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित यह सेवा दिवस केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की जीवंत मिसाल है। यह आयोजन यह संदेश देता है कि जब चिकित्सा सेवा को व्यवसाय नहीं बल्कि सेवा भाव से जोड़ा जाए, तो समाज के सबसे कमजोर वर्ग का जीवन भी स्वस्थ और सम्मानजनक बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें -  रणनीति के शिल्पी धामी, हर समीकरण को किया सेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *