Sunday, October 25News That Matters



धर्म की रक्षा और प्रदेश की अस्मिता बचाने के लिए सीएम धामी की यह मुहिम जारी रहेगी  

 

धर्म की रक्षा और प्रदेश की अस्मिता बचाने के लिए सीएम धामी की यह मुहिम जारी रहेगी

 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में धर्म की आड़ में किए जा रहे अवैध कब्जों और असंवैधानिक गतिविधियों पर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। देहरादून में अब तक 43 से अधिक अवैध रूप से संचालित मदरसों को सील किया गया है, जो इस बात का प्रमाण है कि धामी सरकार उत्तराखंड के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए कोई समझौता नहीं करेगी।

सीएम धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और भूगोल से छेड़छाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को खुली छूट दी है कि जो भी धर्म की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए वह भी बिना किसी दबाव के। इस सख्त संदेश का असर यह हुआ है कि प्रशासन को पूरी छूट मिली है और उत्तराखंड में डेमोग्राफिक असंतुलन फैलाने की कोशिशों पर सीधा प्रहार हो रहा है।

*43 से अधिक मदरसों पर ताला, बड़ी साजिश का पर्दाफाश*

देहरादून प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर विकासनगर में 31, सदर में 9 और डोईवाला में 3 अवैध मदरसों को सील किया है। खुफिया रिपोर्टों में भी यह सामने आया है कि पछवादून क्षेत्र में मुस्लिम आबादी असामान्य गति से बढ़ी है, जिससे डेमोग्राफिक बदलाव की साजिश की आशंका जताई जा रही थी। धामी सरकार ने इस खतरे को भांपते हुए निर्णायक कदम उठाया और अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तराखंड में अब कोई भी अवैध गतिविधि पनपने नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़ें -  प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह को स्वर्ण मण्डित करने से उठे विवाद और अफवाओं को विराम लगाते हुए सचिव धर्मस्व को निर्देश देकर गढ़वाल कमीशनर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर मामले की तह तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं

सीएम पुष्कर सिंह धामी के इस ऐतिहासिक फैसले को लेकर प्रदेश के कई संगठनों और जनसमूहों ने खुलकर समर्थन जताया है। धामी सरकार की इस सख्त कार्रवाई को उत्तराखंड की सांस्कृतिक और भौगोलिक अस्मिता की रक्षा के लिए जरूरी कदम बताया जा रहा है।

धामी सरकार का स्पष्ट संदेश है कि उत्तराखंड में अवैध कब्जों और डेमोग्राफिक बदलाव की साजिशें अब नहीं चलेंगी। जो भी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से छेड़छाड़ करेगा, उसे कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। धर्म की रक्षा और प्रदेश की अस्मिता बचाने के लिए सीएम धामी की यह मुहिम जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *