Monday, November 23News That Matters



सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार, कहा- छारछुम मोटर पुल से सीमांत क्षेत्रों की समृद्धि और बेहतर भविष्य का मार्ग होगा प्रशस्त

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार, कहा- छारछुम मोटर पुल से सीमांत क्षेत्रों की समृद्धि और बेहतर भविष्य का मार्ग होगा प्रशस्त

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं नेपाल के प्रधानमंत्री द्वारा आज धारचूला के छारछुम में काली नदी पर निर्मित मोटर पुल का लोकार्पण किए जाने पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भारत-नेपाल के ऐतिहासिक मैत्री संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यह पुल केवल दो देशों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच विश्वास, आत्मीयता, सांस्कृतिक एकता और सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंधों को नई मजबूती प्रदान करने वाला सेतु है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 19 सितंबर 2022 को पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला स्थित छारछुम में काली नदी पर 110 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का शिलान्यास किया था। आज इस महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण होना सीमांत क्षेत्र के निवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के माध्यम से भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे दोनों देशों के नागरिकों को बेहतर संपर्क सुविधाएं मिलने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों के विपणन तथा आर्थिक अवसरों के विस्तार को नई गति मिलेगी। विशेष रूप से सीमांत क्षेत्रों के व्यापारियों, उद्यमियों और स्थानीय निवासियों को इसका लाभ प्राप्त होगा।

 

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र सामरिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार इन क्षेत्रों में सड़क, संचार, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सीमांत गांवों में बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

यह भी पढ़ें -  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 7 वीं बैठक में प्रतिभाग किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश के सीमांत क्षेत्रों में विकास की नई गति दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री जी की परिकल्पना के अनुरूप सीमावर्ती गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लोकार्पण के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत-नेपाल मैत्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ ही यह पुल उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों की समृद्धि, विकास और बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सीमांत क्षेत्र ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं और राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *