Friday, September 4News That Matters


मुख्यमंत्री धामी की प्राथमिकता में आस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, वृद्ध जागेश्वर धाम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री धामी की प्राथमिकता में आस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, वृद्ध जागेश्वर धाम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वृद्ध जागेश्वर पहुंचकर भगवान शिव के पावन धाम में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री वृद्ध जागेश्वर धाम में कन्याओं को प्रसाद वितरण भी किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख एवं प्राचीन शिव धामों में से एक है, जो अपनी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।

 

पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि वृद्ध जागेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

 

इस अवसर पर विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं जिलाध्यक्ष बीजेपी महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा अन्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: पुलिसकर्मियों के ग्रेड पे पर धामी सरकार ने साध रखी चुप्पी, जनरल ओबीसी एम्पलाइज एसोसिएशन हुई मुखर, उनियाल से मुलाकात, 23 को बुलाई बैठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *